हल्द्वानी के स्वराज आश्रम के बैनर में नहीं मिला नेहरू की फोटो को स्थान

punjabkesari.in Tuesday, Nov 16, 2021 - 11:47 AM (IST)

 

हल्द्वानीः उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित कांग्रेस कार्यालय स्वराज आश्रम के सभा कक्ष में लगे विशालकाय चित्र में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की फोटो को स्थान नहीं मिला है।

पण्डित नेहरू की विचारधारा का वाहक मानने वाले किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता का ध्यान अभी फिलहाल इस ओर नहीं गया है। यही नहीं विगत महीनों में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा, पार्टी मामलों के प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, सह प्रभारी दीपिका पाण्डे सिंह, राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट जरिता लैतफलांग, उत्तराखंड कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुमित हृदयेश सहित कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के अनेक पदाधिकारियों ने स्वराज आश्रम में आयोजित कई कार्यक्रमों में भाग तो किया लेकिन किसी ने भी इस विषय पर अपनी आपत्ति दर्ज नहीं करवाई।

उल्लेखनीय है कि स्वराज आश्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी, नैनीताल जिला कांग्रेस कमेटी के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का शिविर कार्यालय भी स्थित है। यहां भूतल पर बने सभा कक्ष में मंच के ठीक ऊपर लगे हुए विशाल बैनर (फ्लैक्सी) में सबसे ऊपर बाईं ओर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ राजीव गांधी की छोटी फोटो प्रदर्शित है जबकि बीच में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के साथ ही वर्तमान प्रदेश सह प्रभारी दीपिका पाण्डे सिंह, राजेश धर्माणी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय की फोटो प्रदर्शित है। वहीं दायीं ओर दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के साथ प्रदेश कांग्रेस की कद्दावर नेता रही दिवंगत डॉ. इंदिरा हृदयेश की फोटो भी लगी है। सभा कक्ष में दाखिल होते ही राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत, प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह की बड़ी सी फोटो आगंतुकों को दूर से ही आकर्षित करती है।

यहां तक हाल में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए रणजीत सिंह रावत, तिलकराज बेहड़, भुवन कापड़ी और जीत राम की फोटो को भी फ्लैक्सी में जगह दी गई है जबकि बैनर में नेहरू की फोटो को जगह नहीं मिल पाई है। इस सम्बन्ध में पूछे गए प्रश्न के जवाब में महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के कार्यालय सचिव ताहिर हुसैन ने कहा कि इस बारे में महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल को अवगत करवा दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static