अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवसः स्वयंसेवी संस्था ने किया कार्यक्रम का आयोजन, मेयर भी हुए शामिल

punjabkesari.in Friday, Mar 09, 2018 - 11:32 AM (IST)

हरिद्वार(सतीश गुजराल): पूरे विश्व में गुरुवार को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। इसी क्रम में हरिद्वार में भी एक निजी कंपनी और स्वयंसेवी संस्था के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले भर की महिलाएं शामिल हुई। 

महिलाओं के द्वारा तैयार सामानों के लगाए गए स्टॉल 
कंपनी और स्वयंसेवी संस्था द्वारा चलाएे जाने वाले महिला उत्थान के कार्यों से संबंधित मेहंदी, रंगोली प्रतियोगिता और महिलाओं के द्वारा तैयार किए गए सामानों के स्टॉल भी लगाए गए। इस अवसर पर आई महिलाओं ने कहा कि आज समय बदल रहा है और महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही है। वहीं दूसरी तरफ कुछ महिलाओं का मानना है कि मात्र एक दिन महिला दिवस मनाने से कुछ होने वाला नहीं है। महिलाओं के सम्मान और उनकी दशा में तभी सुधार हो सकता है, जब सरकार के साथ-साथ आम नागरिक भी महिलाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझे। 

सप्ताह में एक दिन महिलाओं को रसोई से होनी चाहिए छुट्टी 
वहीं इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हरिद्वार के मेयर मनोज गर्ग उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि जब तक इस पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं पर अत्याचार करने वाले व्यक्ति जेल नहीं जाते तब तक महिलाएं सुरक्षित नहीं हो सकती। इसके साथ-साथ पुरुषों को चाहिए कि वह सप्ताह में कम से कम एक दिन महिलाओं को रसोई से छुट्टी दें और खुद काम करें।