पिथौरागढ़ में तेंदुए के आतंक के चलते रात्रि कर्फ्यू, प्रशासन ने दिए सख्ती से पालन के निर्देश

punjabkesari.in Thursday, Sep 23, 2021 - 11:14 AM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद मुख्यालय में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां तेंदुए के आतंक के चलते जिला प्रशासन की ओर से शहर से सटे क्षेत्रों में रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है।

कर्फ्यू का सख्ती से पालन के निर्देश दिए गए हैं। यह पहली बार है कि वन्य जीवों के आतंक के चलते राज्य में कर्फ्यू लगाया गया है। बताया जा रहा है कि पिथौरागढ़ जनपद मुख्यालय में लंबे समय से तेंदुए का आतंक चल रहा है। विगत 19 सितम्बर को तेंदुए ने जनपद मुख्यालय से सटे बजेटी गांव से 7 साल की एक अबोध बच्ची पर शाम के समय हमला कर दिया था और उसे को घर से उठाकर ले गया था। अगले दिन घर के समीप ही शव मिला था। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और एक दिन बाद ही तेंदुए को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया था।

वहीं पिथौरागढ़ के उप जिला अधिकारी नन्दन कुमार ने बताया कि पिथौरागढ़ जनपद मुख्यालय के बजेटी, पौण, पपदेव, जीआइसी रोड, चण्डाक एवं रई क्षेत्र में तेंदुए के बढ़ते आतंक के मद्देनजर रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है। इसके तहत शाम छह बजे से प्रात: 6 बजे तक लोगों के बाहर निकलने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Content Writer

Nitika