100 दिन का कार्यकाल पूरा होने पर निशंक ने गिनवाई केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियां

punjabkesari.in Tuesday, Sep 10, 2019 - 11:37 AM (IST)

देहरादूनः केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमवार को केंद्र सरकार के 100 दिन का कार्यकाल पूरे होने पर उपलब्धियां गिनवाई। उन्होंने कहा कि इस दौरान अनेक आर्थिक, सामाजिक और ढांचागत निर्णय लिए गए हैं, जो ऐतिहासिक हैं।

निशंक ने मोदी सरकार के कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर अपने मंत्रालय के उपलब्धियों का लेखा जोखा पेश करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम ने चन्द्रमा के सतह को छूने से पहले 3 लाख 84 हजार किलामीटर की दूरी तय कर ली थी। उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा व्यक्त की गई संवेदनशीलता की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने इन वैज्ञानिकों का काफी साहस बढ़ाया और हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि इस अंतरिक्ष यात्रा से देश के विकास को नई गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके मंत्रालय ने शिक्षा के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं और नयी शिक्षा नीति के बारे में राज्यों से विचार विमर्श किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आईआईटी और अन्य राष्ट्रीय महत्व के शिक्षण संस्थानों को विश्वस्तरीय बनाने के लिए कटिबद्ध है। मानव संसाधन विकास मंत्री ने जम्मू-कश्मीर के बारे में मोदी सरकार के फैसले को देश के विकास के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इस निर्णय से देश की एकता और अंखडता मजबूत होगी और जम्मू-कश्मीर की जनता को इसका फायदा होगा। उन्होंने बताया कि आवश्यक वनीकरण प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण फंड के तहत उत्तराखंड को 2675 करोड़ रुपए मंजूर कर दिए गए हैं। उन्होंने राज्य के लोगों को हिमालय दिवस के अवसर पर बधाई भी दी और हिमालय को बचाने के लिए लोगों से पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आने को कहा है।

निशंक ने सरकार की उपलब्धियों को गिनवाते हुए कहा कि 8 करोड़ गरीब परिवार को मुफ्त गैस कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित समय से 8 महीने पहले ही प्राप्त कर लिया गया, जो मोदी सरकार की बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि कभी किसी ने नहीं सोचा था श्रमिकों को पेंशन मिलेगी, लेकिन इस केंद्र सरकार ने करके दिखाया। उन्होंने कहा कि 14 करोड़ किसानों और चार करोड़ श्रमिकों को पेंशन की व्यवस्था केंद्र सरकार ने की है। उन्होंने कहा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) से देश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। इन दिनों में 100 लाख करोड़ रुपए के ढांचागत निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश के 10 बैकों के एकीकरण से भी विकास की गति में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने दीर्घकालिक ऋण योजना पर जोर दिया है।
 

Nitika