एक बार फिर से भाजपा कार्यालय में शुरू हुआ जनता दरबार, वित्त मंत्री ने सुनी लोगों की समस्याएं

punjabkesari.in Thursday, Jun 07, 2018 - 11:00 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय में बुधवार को लंबे समय के बाद जनता दरबार का आयोजन किया गया। जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यालय में वित्त मंत्री प्रकाश पंत के द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। भाजपा के द्वारा शुरू किए गए जनता दरबार में मंत्री के पास कई फरियादी अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। इसमें से कई समस्याओं का मौके पर निस्तारण भी किया गया। 

प्रकाश पंत ने बुधवार सुबह 11 बजे से जनता दरबार लगाना शुरु किया जिसमें कि लगभग 75 लोगों ने अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखी। इन पर संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। वहीं पिछले दिनों जनता दरबार न लगने के सवाल पर मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि सभी मंत्री और विधायक उपचुनाव में और अन्य कामों में व्यस्त थे, जिसके कारण जनता दरबार नहीं लग पाया लेकिन अब जनता दरबार लगना शुरू हो गया है और जनता दरबार अनियमित तरीके से हर दिन यथावत चलेगा।

बता दें कि पिछले एक महीने से भाजपा कार्यालय में जनता दरबार नहीं लगाया जा रहा था। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद हफ्ते के अलग-अलग दिनों में अलग-अलग मंत्री भाजपा कार्यालय में जनता दरबार लगाकर फरियादियों की समस्याएं सुनते थे और समस्याओं पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन भी देते थे। जनता दरबार में देहरादून ही नहीं बल्कि उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों से फरियादी अपनी फरियाद लेकर पहुंचते थे लेकिन पिछले 1 महीने से कोई भी मंत्री जनता दरबार लगाने भाजपा कार्यालय नहीं पहुंचा जिस पर विपक्ष ने भी सवालिया निशान लगाना शुरू कर दिया था। विपक्ष ने यहां तक आरोप लगाए थे कि सरकार के दरबार में फरियाद दे पूरी नहीं हो रही है, जिसके कारण मंत्रियों को जनता दरबार बंद करना पड़ा। 

Nitika