कृषि महोत्सव का आयोजन, किसानों के हित में लिए गए निर्णय

punjabkesari.in Tuesday, Oct 10, 2017 - 10:54 AM (IST)

उधम सिंह नगर(यामीन अहमद मलिक):  उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में सरकार द्वारा चलाए जा रहे कृषक महोत्सव रवि-2017 का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में सूबे के कृषि व उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल ओर क्षेत्रीय विधायक राजेश शुक्ला ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषकों को जागरूक करने व कृषकों की आय बढ़ाने हेतु प्रदेश की 670 न्याय पंचायतो में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने 5 महीनों मे 50 से अधिक निर्णय किसानों के हितों में लिए हैं। फसल बीमा योजना के अन्तर्गत फसल का मुआवजा किसानों को समय से मिले इसके लिए भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि उत्पादकता को बढ़ाने के लिए वह अधिकारियों व वैज्ञानिकों से हमेशा चर्चा करते रहेंगे। 

उन्होंने कहा कि किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने के लिए किसानों को क्लस्टर आधारित कृषि को बढ़ावा देना होगा साथ ही पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, फ्लोरिकल्चर, जड़ी-बूटी, रेशम पालन, मत्स्य पालन पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा हम काश्तकारों को व्यापारी के रूप में विकसित करना चाहते है। शीघ्र ही कृषि व उद्यान विभाग को एक कर दिया जाएगा। हर अधिकारी एक गांव को गोद लेगा व लोगों को जागरूक करेगा ताकि उत्पादन बढ़ सके।