हेमकुंड साहिबः हवाई सेवा बंद होने से यात्री परेशान

punjabkesari.in Wednesday, Jun 06, 2018 - 12:37 PM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड में गोविन्दघाट से हेमकुंड साहिब के लिए हवाई सेवा का संचालन अचानक ठप होने से यात्री परेशान हैं। हवाई सेवा बंद होने से घोड़ा और डंडी संचालकों की मनमानी बढ़ गई है। वह जिला पंचायत से निर्धारित दर का 2 से 3 गुना अधिक किराया यात्रियों से वसूल रहे हैं।

पुलना से हेमकुंड साहिब तक पहुंचने के लिए यात्रियों को लगभग 15 किलोमीटर पैदल सफर तय करना होता है। यात्रियों की सुविधा के लिए वर्ष 2012 से गोविन्दघाट से कांजिला तक हवाई सेवा शुरू की गई थी। हर बार इसकी जिम्मेदारी डेक्कन हवाई कम्पनी को सौंपी जाती है। इस बार हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खुले तो डेक्कन ने पहले दिन से ही हवाई सेवा का संचालन शुरू कर दिया था। मंगलवार को डेक्कन ने अचानक हवाई सेवा बंद कर दी। इससे यात्री परेशान हैं।

गोविन्दघाट हेलीपैड पर मंगलवार की सुबह डेक्कन का हेलीकॉप्टर उपलब्ध नहीं था। हेमकुंड साहिब के लिए हवाई सेवा के टेंडर की प्रक्रिया अभी सुनिश्चित नहीं हुई है। डेक्कन को सिर्फ 4 जून तक ही अस्थाई तौर पर हवाई सेवा की अनुमति दी गई थी। शासन से अगला आदेश मिलने पर ही सेवा शुरू हो पाएगी।
 

Nitika