उत्तरकाशी: ज्ञानसू कस्बे के लोग पहले मलबे और अब धूल से परेशान, प्रशासन नहीं ले रहा सुध

punjabkesari.in Monday, Jul 02, 2018 - 10:33 AM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में नगरपालिका के मुख्य ज्ञानसू कस्बे के लिए पाडुली नाला और मेनागाड़ नाला पिछले कई सालों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ हैं लेकिन प्रशासन ने इनके स्थाई उपचार के लिए कोई व्यवस्था नहीं बनाई है। 

ज्ञानसू कस्बे के लोग झेल रहे दोहरी मार 
जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी जिले के साथ लगते ज्ञानसू कस्बे में इन दिनों लोग दोहरी मार झेल रहे हैं। बारिश में कीचड़ की मार तो धूप आने पर धूल से परेशानी झेल रहे हैं। बारिश आने पर यह गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही को भी बाधित करता है। पिछले दिनों भी तेज बारिश के कारण पाडुली नाले और मेनागाड़ में मलबा और कचरा बह कर आया, जिससे स्थानीय दुकानदारों को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं प्रशासन ने अभी तक मलबे और कचरे को नाले और गंगोत्री हाईवे से नहीं हटाया है। इसके कारण दुकानों और घरों में साफ मौसम में धूल तो बारिश में कीचड़ घुस रहा है। 

प्रशासन नहीं कर रहा स्थाई व्यवस्था 
बता दें कि 80 के दशक में मेनागाड़ ने तबाही मचाई थी, जिसमें जान-माल दोनों का नुकसान हुआ था। वहीं 2007 में पाडुली नाले ने स्थानीय व्यापारियों और लोगों के घरों का नुकसान किया था लेकिन इन सब आपदाओं के बाद भी प्रशासन सतर्क नहीं दिख रहा है। अब प्रशासन किसी बड़ी आपदा का इंतजार कर रहा है कि जब ज्ञानसू के स्थानीय लोगों और व्यापारियों को कोई बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।


 

Nitika