PM मोदी और अमित शाह ने स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि के निधन पर जताया शोक

punjabkesari.in Tuesday, Jun 25, 2019 - 02:38 PM (IST)

नई दिल्ली/हरिद्वारः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत माता मंदिर के संस्थापक निवृत्त शंकराचार्य स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि के निधन पर मंगलवार को शोक व्यक्त किया है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने अध्यात्म और ज्ञान को प्रतिष्ठित किया।

पीएम मोदी ने उन्हें नमन करते हुए ट्वीट किया कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी ने अध्यात्म और ज्ञान को प्रतिष्ठित किया। उन्होंने गरीबों और दलितों के सशक्तीकरण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्हें भारत के समृद्ध इतिहास और संस्कृति पर बहुत गर्व था। उन्होंने कहा कि दिव्य आत्मा को वह श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। 

अमित शाह ने ट्वीट कर व्यक्त किया शोक 
वहीं केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह ने भी ट्वीट कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह पद्मभूषण पूज्य गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज के निधन से अत्यंत दुखी हैं। वह ज्ञान, धर्म, आध्यात्म और सादगी के ऐसे प्रतीक थे जिन्होंने पूरे विश्व में सनातन संस्कृति की पताका फहराई। उन्होंने नर सेवा को नारायण सेवा मानकर अपना पूरा जीवन जनकल्याण को समर्पित कर दिया।

अमित शाह ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज मां भारती के एक सच्चे उपासक थे। हरिद्वार का भारत माता मंदिर जिसका परिचायक है। उनके विचार, ज्ञान और दर्शन आने वाली पीढ़ियों को धर्म और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे। वह उनके अनुयायियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। बता दें कि पद्मभूषण स्वामी गिरि जी महाराज का आज सुबह हरिद्वार में निधन हो गया।

Nitika