लॉकडाउनः नियमों का उल्लंघन करने वाले 183 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2020 - 05:31 PM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड में कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए जारी लॉकडाउन के दौरान सख्त दिशा निर्देश के बावजूद जनता नियमों को ताक पर रखने से बाज नहीं आ रही है। वहीं पुलिस ने शनिवार को कड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे राज्य में 183 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पिछले पांच दिनों के दौरान कुल 1711 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि 1627 वाहन जब्त किए गए हैं। राज्य पुलिस मुख्यालय के मीडिया सेल की ओर से जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। पूरे देश के साथ ही उत्तराखंड में भी लॉकडाउन लागू है लेकिन राज्य के विभिन्न इलाकों में लोग नियमों का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे है। इसके चलते पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने पड़ रहे हैं। शनिवार को राज्य में 37 मामले दर्ज किए गए जिनमें 183 लोगों की गिरफ्तारी की गई है।

अभी तक पुलिस राज्य में 308 मामले दर्ज कर चुकी है, जिनमें 1711 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कुल 1687 वाहन जब्त किए गए हैं और मोटर वाहन अधिनियम के तहत 8358 वाहनों के चालान किए गए हैं। यही नहीं पुलिस अभी तक 2785520 रुपए बतौर संयोजन शुल्क भी वसूल चुकी है। लॉक डाऊन को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार ने पूरे राज्य में 6000 पुलिसकर्मियों और पीएसी की 20 कंपनियां तैनात की हैं।

केन्द्र और राज्य सरकार की ओर से सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) के लिए तमाम तरह के दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। सभी प्रकार के वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। पहले दिन ही पुलिस ने 335 लोगों को गिरफ्तार किया था और कुल 51 मामले पंजीकृत किए थे। इससे एक दिन पहले भी पुलिस की ओर से 55 मामले दायर किए गए थे और 160 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static