अल्मोड़ा के राजेन्द्र हत्याकांड मामले में पुलिस ने 4 और आरोपियों को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2020 - 04:57 PM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में राजेन्द्र सिंह चम्याल हत्याकांड में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और इस मामले में अभी भी चार आरोपी फरार हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इन चारो आरोपियों को रविवार देर रात गिरफ्तार किया। इससे पहले पुलिस ने एक क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह से अभी तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी आरोपी एक ही गांव के हैं। राजेन्द्र की हत्या चुनावी रंजिश के कारण की गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले महीने 20 जुलाई को अल्मोड़ा के बाड़ेछीना स्थित सुपई गांव निवासी राजेन्द्र सिंह चम्याल को कुछ लोगों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पीड़ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी थी।

मृतक की पत्नी कमला चम्याल की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गयी। राजस्व पुलिस की बजाय नागरिक पुलिस को जांच सौंप दी गयी। अल्मोड़ा की उप निरीक्षक बसंती आर्या को जांच सौंप दी गयी। पुलिस ने ठीक एक महीने के अंदर मामले का खुलासा किया। गत 20 अगस्त को एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने इस हत्याकांड पर से पर्दा उठाया और राजेन्द्र हत्याकांड में गांव के 11 लोगों शामिल हैं और हत्या चुनावी रंजिश के कारण की गयी है। हत्याकांड के प्रमुख आरोपी गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) गिरधर सिंह सुपियाल (30) समेत राजेन्द्र सिंह डोलिया, करन सिंह डोलिया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

इधर, मामले की जांच कर रही उपनिरीक्षक बसंती आर्य ने बताया कि कल रात हत्याकांड में शामिल चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें सुपई गांव के विक्रम सिंह डोलिया, हिमांशु जड़ौद, गोविंद सिंह और हरेन्द्र सिंह शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अभी चार और आरोपी फरार हैं। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाए गा।

Diksha kanojia