सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर राजनीति हुई शुरू, समर्थन में उतरी कांग्रेस

punjabkesari.in Wednesday, May 16, 2018 - 02:42 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पिछले कई दिनों से लगातार सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। इस मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई है। 

जानकारी के अनुसार, देहरादून के सफाई कर्मचारी पिछले 9 दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं अब इनके समर्थन में कांग्रेस भी खड़ी हो गई है। देहरादून में संविदा पर रखे जाने की मांग को लेकर जहां 600 से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर है, वहीं दूसरी तरफ इस मामले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। सरकार को घेरने के लिए विपक्षी पार्टियां सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर लड़ने की बात कर रहे हैं। 

सरकार कर्मचारियों की मांगों को कर रही अनदेखाः प्रीतम सिंह
इस मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह अपने एक दल के साथ कर्मचारियों को समर्थन देने के लिए नगर निगम पहुंचे। इस दौरान वह काफी समय तक कर्मचारियों के बीच हड़ताल में उनके समर्थन में बैठे रहे। प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार लगातार कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा कर रही है। इस बात की कांग्रेस पार्टी कड़ा विरोध करती है। बता दें कि कुछ समय बाद नगर निकाय चुनाव होने हैं। इसको लेकर सफाई कर्मचारी भी उचित मौका देखकर सरकार को घेरने में लगे हैं। 
 

Nitika