प्रेमचंद अग्रवाल ने विधानसभा भवन में 101 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का किया आरोहण

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2020 - 11:19 AM (IST)

देहरादूनः राष्ट्रीय तिरंगा झंडा (ध्वज) जिस शान से लहराता है, उसे देखकर हर भारतवासी का हृदय भावों से भर जाता है। देश के प्रति समर्पण और प्रेम का संचार मन में होता है। इसी भाव को प्रेरित करने के लिए उत्तराखंड विधानसभा के देहरादून स्थित भवन में शुक्रवार को 101 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का समारोहपूर्वक आरोहण विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने किया।

पुलिस जवानों ने बैंड की मधुर धुन के साथ ध्वजारोहण स्तंभ के शीर्ष तक राष्ट्रीय ध्वज का आरोहण कराया और तिरंगे को सलामी दी। प्रेमचंद अग्रवाल ने स्विच दबाकर आरोहण किया एवं झंडे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय गान से पूरा परिसर गूंज उठा। इससे पूर्व परिसर के भीतर एक निश्चित स्थान से पुलिस के जवानों द्वारा तिरंगे को शोभायात्रा के रूप में ध्वजारोहण स्तंभ तक सम्मान के साथ लाया गया। इस दौरान पुलिस के जवानों के द्वारा बजाई गई धुन से परिसर का पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। परिसर में मौजूद लोगों की आंखों में तिरंगे को फहरता देख एक अलग सी ही चमक दिखी।

वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आमजन के मन में राष्ट्रीयता की भावना का संचार तिरंगा के माध्यम से हो रहा है। आंखों के सामने लहराता राष्ट्रीय तिरंगा और मन में देश के लिए कुछ कर गुजरने का संकल्प भारत को नया भारत बना रहा है। भारतीय राष्ट्रीय ध्वज 21वीं सदी के इस दौर में विकास मंत्र बन गया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा झंडा लग जाने के बाद इसे देख आते-जाते लोग खुद को गौरवान्वित महसूस करेंगे।

Nitika