रिस्पना नदी: डेढ़ लाख पौधे लगाकर विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी पर हुआ मंथन

punjabkesari.in Friday, Apr 06, 2018 - 07:36 PM (IST)

देहरादून: रिस्पना नदी को साफ करने और इसके दोनों किनारे एक ही दिन में डेढ़ लाख पौधे लगाकर विश्व रिकार्ड बनाने संबंधी सरकार के मकसद को लेकर शासन स्तर से गंभीरता दिखाई जा रही है। तैयारी को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। किसी स्तर पर कोई चूक न रह जाए, इसकी नियमित समीक्षा हो रही है। शुक्रवार को भी मुख्य सचिव ने इस अभियान से जुड़े महकमों के अधिकारियों की बैठक ली और कई बिंदुओं पर निर्देश दिए।

 

रिस्पना नदी को पुनर्जीवित करने के लिए जुलाई में नदी के दोनों किनारे एक ही दिन में डेढ़ लाख पौधे लगाए जाएंगे। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में एक ही दिन में एक साथ पौधे लगाने का यह अभियान एक तरह से विश्व रिकॉर्ड होगा। पौधे लगाने के लिए गड्ढे खोदने का कार्य 5 मई से शुरू किया जाएगा। रिस्पना नदी के स्रोत से शिखर फाल और राजपुर हेड से यह कार्य शुरू किया जाएगा। इस बारे में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने शुक्रवार को सचिवालय में तैयारियों की समीक्षा की।

 

उन्होंने कहा कि इस मिशन में वन विभाग, इको टास्क फोर्स, सिंचाई विभाग के अलावा जन सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में बताया गया कि रिस्पना नदी के क्षेत्र को हेड से टेल तक ब्लॉकों में बांटा गया है। कार्य की सुविधा के लिए सब-ब्लॉक भी बनाए गए हैं। नदी की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। पौधरोपण के गड्ढे खोदने के लिए झाड़ियों की सफाई का कार्य शुरू हो गया है। 75 हजार एकड़ क्षेत्रफल में 25 हजार एकड़ भाग पहुंच में है। शेष 50 हजार एकड़ दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र है। 

 

स्थानों पर पौधरोपण की कार्य योजना बना ली गई है। वन विभाग और इको टास्कफोर्स को डेढ़ लाख पौधों की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि कम से कम 50 हजार फलों के पौधे लगाए जाएं जिससे कि जंगली जानवरों को खाने के लिए जंगल में ही फल मिल सकें। इस कवायद से मानव वन्यजीव संघर्ष को रोका जा सकेगा। बैठक में प्रमुख सचिव सिंचाई आनंद बर्धन, सचिव पेयजल अरविंद सिंह ह्यांकी, डीएम देहरादून एस.ए. मुरूगेशन, नगर आयुक्त विजय जोगदंड, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Punjab Kesari