कर्नाटक में जीत के बाद प्रीतम सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर साधा निशाना

punjabkesari.in Monday, May 21, 2018 - 02:48 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कर्नाटक में जीत को लेकर खुशी जाहिर की है। इसके साथ-साथ उन्होंने केद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। 

प्रीतम सिंह ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप 
प्रीतम सिंह ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि राज्य में किसानों के द्वारा की जा रही आत्महत्याएं बहुत ही दुखद घटनाएं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अभी तक 9 किसानों ने आत्महत्या कर ली है। इसके बावजूद भी सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। केंद्र और राज्य सरकार केवल बयानबाजी करने में अपना समय बर्बाद कर रही है। इसके अतिरिक्त प्रीतम सिंह ने कर्नाटक के राजनीतिक घटनाक्रम पर बोलते हुए केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की हत्या करने का आरोप लगाया हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के मामलों पर चुप नहीं बैठेगी और सरकार का पुरजोर विरोध करेगी। इसके लिए वह संसद से लेकर सड़क तक आवाज उठाएगी।

भाजपा के कार्यकाल से राज्य की जनता बेहद नाराज 
प्रीतम सिंह ने थराली उपचुनाव को लेकर कहा कि थराली की जनता पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यों से खुश है। इसलिए वहां कई लोग भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के एक साल के कार्यकाल से निराश होकर जनता कांग्रेस को वोट करेगी और कांग्रेस भारी बहुमत से इस सीट पर जीत हासिल करेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि राज्य सरकार जानबूझकर निगम चुनावों में देरी कर रही है। सरकार को इस बात का एहसास हो गया है कि निकाय चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा।  


 

Nitika