मुख्यमंत्री के सहारनपुर वाले बयान पर भड़के आंदोलनकारी

punjabkesari.in Thursday, Feb 22, 2018 - 12:30 PM (IST)

देहरादून: गैरसैंण राजधानी निर्माण अभियान समिति ने बाबा मथुरा प्रसाद बमराड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के सहारनपुर वाले बयान पर संघर्ष छेड़ने का ऐलान किया है। 

इस मौके पर प्रदीप कुकरेती ने कहा कि मुख्यमंत्री का सहारनपुर को उत्तराखंड में शामिल करने संबंधी बयान से उत्तराखंडियों में जबरदस्त आक्रोश है। इसके साथ ही लोगों में गुस्सा बढ़ गया है। यह बयान राज्य निर्माण की भावना के विपरीत है। इसको किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब सीएम के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा। रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि अब बड़ा संघर्ष छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि हम गैरसैंण को राजधानी बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

वीरेंद्र रावत ने कहा कि राज्य निर्माण में बड़ी तादाद में लोग शहीद हुए। पहाड़ के विकास और सरोकारों के लिए ही राज्य का गठन किया गया था। चंद्रमोहन सिंह नेगी ने कहा कि अब बड़ी लड़ाई होगी। मुख्यमंत्री और सरकार पर हमला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब सारे राज्य में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।