उत्तराखंड के जवान राजेन्द्र नाथ ने रचा इतिहास, यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस पर फहराया तिरंगा

punjabkesari.in Monday, Aug 16, 2021 - 10:32 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) के जवान राजेन्द्र नाथ ने इतिहास रचते हुए यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस पर तिरंगा फहराया है। कांस्टेबल राजेन्द्र नाथ ने बीते 12 अगस्त को बेहद खराब मौसम मे यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस् को फतह कर यह कारनामा किया है। ऐसा करने वाले वह उत्तराखण्ड पुलिस के पहले पुलिस कर्मी है।

एसडीआरएफ की प्रवक्ता ललिता नेगी ने रविवार को बताया कि 360 एक्सप्लोरर महाराष्ट्र द्वारा नौ से 17 अगस्त तक यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस (5642 मीटर) पर एक्सपीडिशन का आयोजन किया गया था। जिसका उदेश्य स्वतंत्रता दिवस पर माउंट एलब्रुस पर चढ़कर कर भारतीय ध्वज फहराना था। उन्होंने बताया कि दिनांक 13,14 और 15 को खराब मौसम की चेतावनी के कारण टीम ने बड़ा साहस दिखाते हुए 12 अगस्त को ही एल्ब्रुस को फतह कर तिरंगा फहरा दिया।

नेगी ने बताया कि वर्ष 2001 से पुलिस में सेवा दे रहे कांस्टेबल राजेन्द्र नाथ पूर्व में भी एक कीर्तिमान हासिल कर चुके है। जिसमें उन्होंने उत्तराखंड के प्रथम पुलिसकर्मी के रूप में माउंट त्रिशूल (7120 मीटर) और इससे पूर्व में भी सतोपंथ, चंद्रभागा-13(6264 मीटर) एवं डीकेडी-2 (5670 मीटर) पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी।

Content Writer

Ramanjot