अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी फतह कर लौटे राजेन्द्र को कमांडेंट ने किया सम्मानित

punjabkesari.in Friday, Mar 04, 2022 - 04:27 PM (IST)

 

देहरादूनः अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी को 3 दिन में दो बार फतह करने वाले उत्तराखंड पुलिस के राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) में नियुक्त आरक्षी (कांस्टेबल) राजेंद्र नाथ का वापस पहुंचने पर सेनानायक (कमांडेंट) मणिकांत मिश्रा ने अभिनन्दन के साथ सम्मानित किया।

अफ्रीका महाद्वीप के तंजानिया स्थित सबसे ऊंची चोटी माउंट किलीमंजारो का 3 दिवस के अंतराल में दो बार सफलतापूर्वक आरोहण कर, देश व प्रदेश का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित करने वाले राजेन्द्र को मिश्र ने विशेष बधाई दी। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। कमांडेंट श्री मिश्र ने कहा कि एसडीआरएफ के सभी कर्मी प्रत्येक कार्य को पूर्ण उत्साह व लगन से करते हैं। चाहे आपदा के दौरान त्वरित रेस्क्यू हो या साहसिक खेलों में प्रतिभाग हो, इसके जवान हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाते है। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल राजेन्द्र ने भी इसी ओर पहल करते हुए विश्व स्तर पर फोर्स और राज्य पुलिस का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से फोर्स की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम की कार्यदक्षता में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इस पर्वतारोहण अभियान के माध्यम से प्राप्त हुई विशेषज्ञता को अन्य जवानों से साझा करवाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राजेन्द्र द्वारा विगत पर्वतारोहण अभियानों में डीकेडी-2 (5670 मीटर), चंद्रभागा-13 (6264 मीटर), सतोपंथ(7075), माउंट त्रिशूल (7120 मीटर), यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुश(5642 मीटर) व माउंट गंगोत्री प्रथम (6675 मीटर) का सफलतापूर्वक आरोहण किया गया है।
 

Content Writer

Nitika