लक्ष्मण झूला पुल बंद होने के बाद आवाजाही बढ़ने के कारण राम झूला पुल पर भी मंडराने लगा खतरा
punjabkesari.in Wednesday, Jul 24, 2019 - 02:35 PM (IST)

ऋषिकेशः उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित लक्ष्मण झूला पुल पर प्रशासन के द्वारा आवाजाही पूरे तरीके से बंद कर दी गई है। इसके कारण राम झूला पुल पर आवाजाही बढ़ गई है, जिसके चलते अब राम झूला पुल पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग के द्वारा प्रशासन को रिपोर्ट भेजकर राम झूला पुल पर दोपहिया वाहन पर प्रतिबंध लगाने को कहा है। इसके साथ ही पैदल यात्रियों को भी सीमित संख्या में भेजने को कहा गया है। वहीं लक्ष्मण झूला पुल की सीमा समाप्त होने के कारण राम झूला पुल पर दबाव पहले से भी अधिक बढ़ गया है, जिसके चलते अब आने वाले समय में राम झूला पुल की स्थिति खतरनाक हो सकती है।
बता दें कि 220 मीटर लंबा राम झूला पुल साल 1985 में बनकर तैयार हो गया था। इस पुल का निर्माण केवल पैदल यात्रियों की आवाजाही के लिए किया गया था लेकिन अब पुल पर पैदल यात्रियों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों की भी आवाजाही चल रही है।