राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया हिंदू नववर्ष

punjabkesari.in Monday, Mar 19, 2018 - 03:00 PM (IST)

देहरादून: सनातन धर्म के नववर्ष 2075 के पहले दिन राजधानी में विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से भारत के निर्माण में सहयोग का आह्वान किया। तमाम स्थानों पर पंथ संचलन निकाला गया और स्वयंसेवकों का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।

प्रेमनगर में आयोजित भव्य समारोह में हिंदू नववर्ष के महत्व पर विचार व्यक्त किए गए। लोगों से आह्वान किया गया कि वह भारतीय मूल्यों के हिसाब से अपना जीवन अपनाएं। मुख्यातिथि प्रचार प्रमुख पद्म जी ने कहा कि भारत सनातन राष्ट्र है। सनातन परंपरा किसी समुदाय तक सीमित नहीं है। हमारा इतिहास और परंपरा हजारों साल पुरानी है। विभाग प्रचारक सुनील कुमार ने कहा कि भारतमाता को परम वैभव पर पहुंचाना ही हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए। भारत के महान मूल्यों को मिटने नहीं देना है। 

जिला प्रचारक विजय कुमार ने कहा कि हम शाखाओं के माध्यम से हिंदू समाज को संगठित करने का काम कर रहे हैं। संघ मातृभूमि को समर्पित है। नगर कार्यवाहक अशोक कुमार ने कहा कि हम हिंदू विचार को तभी ताकतवर बना पाएंगे जब शाखाएं लगेंगी और बढ़ेंगी। 

Punjab Kesari