गुटबाजी में उलझी कांग्रेस, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष की नाराजगी पर नेता प्रतिपक्ष ने व्यक्त की प्रतिक्रिया

punjabkesari.in Thursday, Aug 09, 2018 - 12:10 PM (IST)

हल्द्वानीः उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बीच ही मतभेद देखने को मिल रहा है। कांग्रेस में विधायकों और नेताओं में बीच पिछले कुछ दिनों से किसी ना किसी मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर से कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल की नाराजगी पर नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। 

जानकारी के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गोविंद सिंह कुंजवाल को मीडिया में अपनी बात रखने के स्थान पर पार्टी फोरम में अपनी बात रखनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अगर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को पार्टी से कोई शिकायत थी भी तो उन्हें पार्टी की बैठक में इस नाराजगी को बताना चाहिए था। 

जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों से नाराज पूर्व विधानसभा अध्यक्ष
इंदिरा हृदयेश ने कहा कि जहां तक उनको जानकारी है कि अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष के लिए एक नाम गोविंद सिंह कुंजवाल की पसंद का था और दूसरा नाम मनोज तिवारी की पसंद का था। इसी के चलते संगठन ने विवाद की स्थिति को देखते हुए किसी तीसरे को मौका दिया। ऐसे में नाराजगी जैसी तो कोई बात भी नहीं थी, अगर नाराजगी थी भी तो इस नाराजगी को मिलकर और सामने बैठकर दूर किया जा सकता था। 

वहीं इस पर गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि उन्हें जो भी बात करनी हैं, वह 15 अगस्त को अपनी बात को खुलकर सबके सामने रखेंगे। 
 

Nitika