घर में घुसे बदमाश ने महिला पर चाकू से किया हमला, लूटपाट

punjabkesari.in Sunday, Sep 24, 2017 - 10:30 AM (IST)

देहरादून: दिन-दिहाड़े घर में घुसे बदमाशों ने महिला पर चाकू से हमला कर गहने और नकदी लूट ली। हमले में महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई। महिला को महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक आसिथ उद्दोला क्लेमैंट टाऊन क्षेत्र में टर्नर रोड पर रहते हैं। वह रायपुर स्थित एक रक्षा संस्थान में नौकरी करते हैं। वह ड्यूटी चले गए और घर पर उनकी पत्नी रजिया बेगम अकेली थी। दोपहर के समय एक बदमाश घर में घुस आया और चाकू की नोक पर रजिया से उनके गहने उतरवा लिए। इसके बाद बदमाश नकदी की तलाश में अलमारी खंगालने लगा। रजिया ने इसका विरोध किया तो उसने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने रजिया पर चाकू से कई वार करने के साथ ही मारपीट भी की। लहूलुहान रजिया बेसुध होकर कमरे में गिर गई और आरोपी भाग निकला।

कुछ देर बाद उनके किराएदार की बेटी वहां आई तो रजिया को लहूलुहान देखकर परिजनों को जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आस-पड़ोस के तमाम लोग जमा हो गए और रजिया को महंत इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया। उधर, दिन-दिहाड़े हुई लूट की इस वारदात की खबर मिलते ही पुलिस में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में क्लेमैंट टाऊन थाना पुलिस डॉग स्क्वायड व फॉरैंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंची और फिंगर प्रिंट व अन्य साक्ष्य एकत्रित कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। आसपास के लोगों की मानें तो बदमाशों की संख्या 2 थी। एक घर के बाहर घूम रहा था, जबकि दूसरा अंदर था।

थानाध्यक्ष क्लेमैंट टाऊन दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों को खंगालने पर एक संदिग्ध की पहचान हुई है। फुटेज और महिला के बताए गए हुलिया के आधार पर जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।