RS चौहान होंगे उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश, धूलिया जाएंगे गुवाहाटी

punjabkesari.in Thursday, Dec 17, 2020 - 03:22 PM (IST)

 

नैनीतालः तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आरएस चौहान उत्तराखंड उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बनाए गए हैं। उच्चतम न्यायालय के कोलेजियम ने 14 दिसंबर को दोनों के नाम पर मुहर लगा दी है।

कोलेजियम की ओर से जारी बयान के अनुसार, न्यायमूर्ति चौहान वर्तमान में तेलंगाना उच्च न्यायालय ने मुख्य न्यायाधीश के पद पर तैनात हैं और कोलेजियम ने उनका स्थानांतरण बतौर उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में किया है। कोलेजियम की ओर से विभिन्न उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के स्थानांतरण पर भी अंतिम मुहर लगाई गई है। इसी के साथ ही कोलेजियम ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया को भी पदोन्नत कर गुवाहाटी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाने की स्वीकृति दी है। इनके अलावा कोलेजियम की ओर से पंजाब-हरियाणा, दिल्ली, कोलकाता एवं इलाहाबाद के चार न्यायमूर्तियों को भी पदोन्नत कर विभिन्न उच्च न्यायालयों का न्यायाधीश बनाया गया है।

न्यायमूर्ति धूलिया मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जनपद के मदनपुर गांव के निवासी हैं। उनके पिता स्वर्गीय केशव चंद्र धूलिया भी इलाहाबाद उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के पद पर रह चुके थे। न्यायमूर्ति धूलिया ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में अपने करियर की शुरूआत की और उत्तराखंड राज्य बनने के बाद यहां अपने मूल राज्य में आ गए और यहां प्रैक्टिस करने लगे। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के वह पहले मुख्य स्थायी अधिवक्ता बने। इसी के साथ ही वह विभिन्न पदों पर रहे। एक नवम्बर, 2008 में वह उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने। उनकी पदोन्नति पर विभिन्न अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static