सरदार पटेल की 143वीं जयंतीः देहरादून में रन फॉर यूनिटी का हुआ आयोजन, CM रावत ने लिया हिस्सा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 31, 2018 - 02:14 PM (IST)

देहरादूनः देश के भिन्न-भिन्न हिस्सों में राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 143वीं जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई गई। इसी के चलते राजधानी देहरादून में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। 

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर एकता के लिए दौड़ घंटाघर स्थित पटेल की प्रतिमा से शुरू होकर गांधी पार्क में गांधी जी की प्रतिमा तक हुई।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत सांसद रमेश पोखरियाल निशंक सहित आम लोग भी शामिल हुए। 

कांग्रेस ने भी सरदार पटेल की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण 
इस मौके पर सीएम रावत ने कहा कि पटेल जी का अखंड भारत के निर्माण में अहम योगदान रहा है। वहीं भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। 

Nitika