भगवान शिव की धरती पर होगा शिवोत्सव, गुंजी में किया जाएगा महोत्सव का आयोजन

punjabkesari.in Sunday, Oct 10, 2021 - 12:15 PM (IST)

 

नैनीतालः भगवान शिव की धरती कैलाश पर शिवोत्सव होगा। कैलाश मानसरोवर और आदि कैलाश के मध्य उच्च हिमालयी क्षेत्र में बसे गुंजी में इस महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव 20 व 21 अक्टूबर को 2 दिन चलेगा। शिवोत्सव में उच्च हिमालयी क्षेत्र की संस्कृति के दर्शन होंगे।

महोत्सव के लिए पिथौरागढ़ प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान द्वारा धारचूला में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया और शिवोत्सव, 2021 के सम्बन्ध में विचार विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने इस मौके पर कहा कि शिवोत्सव के माध्यम से जहां स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। वहीं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस क्षेत्र को पहचान मिलेगी। शिवोत्सव के माध्यम से इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। शिवोत्सव में स्थानीय लोगों की अहम भूमिका के साथ ही नेपाल के रं, छांगरू तथा तिंकर के कलाकारों की भी प्रस्तुति रहेगी।

शिवोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, साहसिक पर्यटन की गतिविधियों के अलावा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं जैसे घुड़सवारी, बालीवाल, पैराग्लाइडिंग, राफ्टिंग, मोटर बाइकिंग आदि कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। बता दें कि बैठक में क्षेत्र प्रमुख धन सिंह धामी, पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक नबियाल, ग्राम प्रधान गुंजी सुरेश गुंज्याल, सरपंच लक्ष्मी गुंज्याल, के अलावा तमाम लोग शामिल रहें। कैलाश मानसरोवर यात्रा के ठप्प होने के बाद इस महोत्सव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Content Writer

Nitika