पुलिस अधीक्षक को बचाने वाले SI और वाहन चालक ''जीवन रक्षा पदक'' के लिए चयनित

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2020 - 04:39 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के आपदा ग्रस्त क्षेत्रों के दौरे पर गए जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक को बचाने वाले राज्य पुलिस के एक उप निरीक्षक(एसआई) और एक वाहन चालक आरक्षी को राष्ट्रपति द्वारा जीवन रक्षा पदक पुरस्कार-2019 से सम्मानित किया जाएगा। जबकि ये दोनों खुद घायल थे लेकिन दोनों अपने वरिष्ठ अधिकारियों को बचाया।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल कुमार रतूडी ने बताया कि उत्तरकाशी में नियुक्त नागरिक पुलिस के एसआई विनोद प्रसाद थपलियाल और आरक्षी चालक ममलेश सिंह को जीवन रक्षा पदक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई 2018 को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, उत्तरकाशी यमुनोत्री धाम से आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरे के दौरान सीजनल पुलिस चौकी स्यानाचट्टी के भूस्खलन क्षेत्र जा रहे थे।

इसी दौरान डाबरकोट के पास दोनों अधिकारियों का वाहन भूस्खलन की चपेट में आ गया। जिसपर तत्परता से साथ चल रहे एसआई विनोद प्रसाद एवं आरक्षी चालक ममलेश ने घायल होने के बावजूद अपने प्राणों की परवाह न करते हुए दोनों अधिकारियों की रक्षा करते हुए उन्हें भूस्खलन क्षेत्र से सकुशल बाहर निकाला।

Edited By

Diksha kanojia