पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, 20 लाख की अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jun 04, 2021 - 06:15 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग में पुलिस को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने 327 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पिथौरागढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बेरीनाग पुलिस को मुखबिर से अवैध शराब की तस्करी के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद गुरुवार रात सेराघाट बैरियर पर पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। इसी दौरान रात लगभग एक बजे अल्मोड़ा की ओर से आ रहे ट्रक संख्या यूके 01 सीए 0913 को रोका गया और जांच की गई तो उसमें 327 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया और चालक गोविन्द कांडपाल निवासी काड़ागूठ, रामेश्वर, थाना दन्या, अल्मोड़ा को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बेरीनाग थाना में आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस को पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
 

Content Writer

Nitika