उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश से मौसम हुआ सुहाना

punjabkesari.in Tuesday, Jan 23, 2018 - 07:31 PM (IST)

देहरादून/ब्यूरो। आखिरकार सूखा खत्म हुआ। मंगलवार  को उत्तराखंड की  ऊंची पहाड़ियों पर जमकर बर्फबारी हुई। पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गईं। उधर मैदानी इलाकों में भी देर दोपहर से रुक-रुककर कभी तेज बारिश होती रही। जिससे मौसम में बदलाव आ गया। तापमान में तेजी से गिरावट'आई।

 

कई इलाकों में वाहन बर्फ में फंस गए। देहरादून में जिला प्रशासन ने अगले चौबीस घंटे में तेज बारिश और ओला वृष्टि की मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 24 जनवरी के लिए 12वीं क्लास तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।


मौसम की बदली करवट के बीच चकराता में मौसम का पहला हिमपात हुआ। लोखंडी समेत आसपास की ऊंची चोटियां बर्फ ढक गईं। पूरा इलाका शीतलहर की चपेट में है। घाटियों में बसे कई गांवों में भी बर्फबारी की सूचना है। चकराता का तापमान शून्य से नीचे माइनस पर जा पहुंचा। चकराता का न्यूनतम तापमान -01 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बारिश और बर्फबारी वाले इलाकों में घरों और दुकानों में हीटर और अलाव जल उठे। शाम ढलते ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया।

 

मैदानी इलाकों में भी शाम तीन बजे के बाद से बारिश का दौर जारी है। यहां भी शाम ढलते ही सन्नाटा पसर गया। मुंडाली, कथियान, देववन, प्यूनल, डेरसा, भरम, कुनैन, लोखंडी, लोहारी, बुधेर, मोयला टॉप समेत कई ऊंची चोटियां बर्फ ढक गई थीं। ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी के बीच त्यूनी-चकराता मोटर मार्ग पर लोखंडी के समीप कई वाहन फंस गए। जिन्हें निकालने में चालक, परिचालक के साथ ही यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच कई यात्री बर्फबारी का लुफ्त उठाते भी दिखे। धनवल्टी में भी जमकर बर्फबारी हुई। गढ़वाल और कुमायूं के ऊंची चोटियों पर देर शाम तक बर्फबारी शुरू होने की खबरें आती रहीं।