... तो इसलिए मंडप से कोर्ट पहंची दुल्हन

punjabkesari.in Friday, Feb 23, 2018 - 02:33 PM (IST)

नैनीताल(तारा जोशी): उत्तराखंड के हल्द्वानी जिले में एक लड़की की मंडप से बारात बिना शादी के ही लौट गई। लड़की का विवाह कानूनी तौर पर 5 महीने पहले ही हो चुका है। घटना के बाद सिटी मेजिस्ट्रेट कोर्ट ने लड़की को नारी निकेतन भेज दिया है। 

5 महीने पहले हो चुकी थी शादी 
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी निवासी दीपक और उसकी प्रेमिका ने 5 महीने पहले हल्द्वानी एसडीएम कोर्ट में कानूनी तौर पर शादी कर ली थी। इसके उपरान्त परिवारवालों के डर से दोनों अपने- अपने घर पर ही रहने लगे। दोनों एक ही कंपनी में नोकरी करते थे। युवक और युवती ने फैसला लिया था कि वह धीरे-धीरे अपने परिवारवालों को शादी के बारे में बता देंगे। 

लड़की के परिवार ने करवानी चाही जबरदस्ती शादी 
इसी बीच लड़की के परिवार ने उसकी शादी यूपी के मुरादाबाद में तय कर दी। इस पर लड़की ने शादी से इंकार कर दिया और कहा कि उसकी शादी अक्टूबर 2017 में ही हो चुकी है। इसके बावजूद भी लड़की के परिवार ने उसकी शादी जबरदस्ती करवानी चाही। इसकी जानकारी मिलते ही लड़के ने सिटी मेजिस्ट्रेट न्यायालय हल्द्वानी में साक्षो के साथ अर्जी लगाकर लड़की की सलामती के लिए गुहार लगाते हुए सर्च वारंट का निवेदन किया। 

दुल्हन को मंडप से लाया गया कोर्ट 
सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय ने लड़के की अर्जी पर गौर करते हुए काठगोदाम थाना पुलिस को निर्देश दिए कि लड़की को न्यायालय में पेश किया जाए। पुलिस ने लड़की को शादी के मंडप से उठाकर न्यायालय में पेश कर दिया। वहीं इस मामले में लड़के ने बताया कि उसकी शादी कानूनी तौर पर पहले ही हो चुकी है। इसके बावजूद भी लड़की की जबरदस्ती शादी ककरवाई जा रही है। 

दुल्हन को भेजा जाए नारी निकेतन 
बता दें कि सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में मामला आने के बाद मजिस्ट्रेट ने अपने समक्ष दोनों के बयान लेकर उनके परिजनों से परामर्श के बाद निर्णय लिया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुल्हन को नारी निकेतन भेजा जाए और दोबारा होने वाले बयानों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।