उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें हुई तेज

punjabkesari.in Sunday, Feb 23, 2020 - 10:36 AM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ हाल में हुई बैठक से राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं।

मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में जेपी नड्डा से लगभग 90 मिनट तक मुलाकात की थी, जिसमें उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार सहित राज्य से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की। राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार काफी समय से लंबित है। वहीं सीएम के करीबी सूत्रों ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने मंत्रिमंडल विस्तार की मंजूरी दे दी है, जो इस महीने के अंत तक हो सकता है। उत्तराखंड में फिलहाल 9 मंत्री हैं और 3 पद रिक्त हैं। राज्य मंत्रिमंडल में मंत्रियों की अधिकतम संख्या 12 तक हो सकती है। भाजपा जब 2017 में राज्य में सत्ता में आई थी तो मुख्यमंत्री सहित 10 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने शपथ ली थी। शुरुआत से ही दो मंत्री पद रिक्त रहे जबकि एक अन्य पद कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन के बाद पिछले साल खाली हो गया था।

बता दें कि मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में अटकलें सबसे पहले जून 2019 में शुरू हुई थीं, जब पंत का कैंसर के कारण निधन हो गया था। हालांकि अटकलों पर जल्द ही विराम लग गया, जब राज्य के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को वित्त तथा विधायी कामकाज विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया जो पंत के पास था। सूत्रों ने बताया कि सभी तीनों पद इस बार भर सकते हैं। कुछ मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव किया जा सकता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static