प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने संवाददाता सम्मेलन में विभिन्न मुद्दों पर की चर्चा

punjabkesari.in Friday, May 04, 2018 - 04:25 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा ने 14 अप्रैल से 5 मई तक पूरे देश में ग्राम स्वराज अभियान की शुरूआत की थी। श्याम जाजू ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी हुई कि जिस उद्देश्य के साथ उन्होंने कार्यक्रम को चलाया था, उसे जनता के द्वारा बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली। 

5 दिन के अंदर 1 लाख से अधिक यात्री केदारनाथ और बद्रीनाथ पहुंचे 
जाजू ने बताया कि मारे पदाधिकारी ना केवल गांव में गए बल्कि गांव की समस्याएं सुनी और उस समस्या का समाधान भी किया, जिसका लोगों को काफी फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मंत्री प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों ने काफी अच्छा सहयोग किया है। इसके साथ-साथ लोगों को पार्टी के लिए एक मजबूूत संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों ने गांव में जाकर लोगों के साथ सामूहिक भोजन किया। इसका आने वाले दिनों में और भी अच्छा परिणाम हमको मिलेगा। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ के कपाट खुले हुए 5 दिन का समय हो गया है और इन 5 दिनों में यात्रियों की संख्या ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यह पहली बार हुआ है कि 5 दिन के अंदर 1 लाख से अधिक यात्री केदारनाथ और बद्रीनाथ पहुंचे हैं। इससे देश को बड़ा संदेश मिला है कि अब उत्तराखंड में यात्रा करना ठीक है। जाजू ने कहा कि केदारनाथ में हो रहे लेजर शो को भी यात्री काफी अच्छा बता रहे हैं और इस बार केदारनाथ की यात्रा एक अद्भुत यात्रा के रूप में देखी जा रही है। 

निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह से तैयार 
जाजू ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह से तैयार है। इस बार भाजपा पहले की तरह निकाय चुनाव पर अपना कब्जा जमाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता लगातार भाजपा पर अपना भरोसा दिखा रही है। लोकसभा के चुनावों में भी पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीताकर भाजपा पर भरोसा दिखाया था। इसके सथ-साथ विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को जनता का समर्थन मिला। निकाय चुनाव को लेकर पार्टी की तरफ से पूरी तैयारी है। चुनाव के नतीजे भी भाजपा के हक में ही होंगे। 

कांग्रेस पर लगाए विभिन्न आरोप 
जाजू ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी विपक्ष का काम कम और हमारे मंत्री विधायकों के कार्यक्रम में बाधा डालने का काम ज्यादा कर रही है। उन्होंने कहा कि कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं जहां कांग्रेस के लोग हमारे मंत्री और विधायकों के कार्यक्रम में बाधा डाल रहे हैं। लोकतंत्र में अपना विरोध तो हम समझ सकते हैं लेकिन मर्यादा को छोड़कर किसी और के कार्यक्रम को खराब करना यह राजनीति की मर्यादा को तोड़ता है। थराली उपचुनाव को लेकर जाजू ने कहा कि चुनावों को लेकर पार्टी गंभीर है। इसके साथ-साथ नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। कुछ दिनों में हम अपने प्रत्याशी की भी घोषणा कर देंगे। उन्होंने कहा कि हमारे पास उम्मीदवारों के नाम आए है। उनमें से प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि थराली सीट को भाजपा ही जीतेगी। 
 

Nitika