वन्य जीवों की विविधता उत्तराखण्ड की एक महत्वपूर्ण विशेषताः मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Saturday, Mar 10, 2018 - 12:03 PM (IST)

देहरादून(कुलदीप रावत): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को देहरादून जिले के दूरस्थ गांव थानों में पांचवें उत्तराखण्ड स्प्रिंग बर्ड फेस्टिवल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ वन्य जीवों की विविधता को भी उत्तराखण्ड की एक महत्वपूर्ण विशेषता बताया। 

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा 
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य आम लोगों और जंगल के बीच की खाई को कम करना है। साथ ही इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि देश में पाई जाने वाली पक्षियों की प्रजातियों की आधे से अधिक प्रजातियां उत्तराखण्ड में पाई जाती हैं।

उत्तराखण्ड विविधता की दृष्टि से बहुत ही संपन्न 
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वन्य जीव हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पशु पक्षियों के अभाव में सृष्टि का चक्र ही समाप्त हो जाएगा इसलिए दुनिया के तमाम लोगों और विशेषकर वन्य जीव प्राणी विशेषज्ञों का प्रयास है कि इस विविधता को संरक्षण दिया जाए। यह हमारी आवश्यकता भी है और उस को बनाए रखने के लिए तमाम प्रयास हो रहे हैं। उत्तराखण्ड विविधता की दृष्टि से बहुत ही संपन्न हैं और इस धरोहर को संजोए रखने के हमें लगातार प्रयास करने होंगे। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसानों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर विधायक दिलीप रावत, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य वन संरक्षक जयराज सहित अन्य अधिकारी एवं देश-विदेश से आए प्रतिनिधि उपस्थित थे।