राज्य में औद्योगिक हैम्प खेती की पर्याप्त सम्भावनाएंः कृषि मंत्री

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2020 - 02:46 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने विधान सभा भवन स्थित सभा कक्ष में औद्यौगिक हैम्प खेती से सम्बन्धित नियमावली 2020 एवं मशरूम उत्पादन के सम्बन्ध में बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक हैम्प खेती की पर्याप्त सम्भावनाएं है, जिसके माध्यम से नौजवानों के लिए स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे तथा किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

कृषि मंत्री ने कहा राज्य में किस तरह औद्योगिक हैम्प की संभावना है तथा उसको किस तरह से धरातल में लाया जाए, इस पर ध्यान केंद्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक हैम्प के प्रोसोसिंग से जुड़े लोग भी लगातार संवाद कर रहे है तथा किसान भी औद्योगिक हैम्प की खेती के माध्यम से अपनी आर्थिकी मजबूत करना चाहता है। इसके प्रोत्साहन से यहां उपलब्ध बंजर भूमि का उपयोग किया जा सकता है। साथ ही औद्योगिक हैम्प की विश्व में भी मांग हो रही है, किन्तु इस सम्बन्ध में कोई नियमावली नहीं है। उन्होंने कहा कि इस नियामवली को आगामी कैबिनेट में लाया जाएगा, जो औद्योगिक हैम्प की सम्भावना को धरातल पर लाकर राज्य की आर्थिकी को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

वहीं सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य में मशरूम उत्पादन की पर्याप्त सम्भावनाएं है। इसके माध्यम से युवाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार दिया जा सकता है। उनका कहना था कि लगभग ढाई लाख प्रवासी राज्य में लौटे है तथा राज्य में पलायन रोकने के लिए मशरूम उत्पादन सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि मशरूम में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ कर उनकी आर्थिकी को मजबूत किया जा सकता है।

Nitika