सत्ता में आते ही गैरसैंण को बनाएंगे उत्तराखंड की स्थाई राजधानी: कांग्रेस

punjabkesari.in Thursday, Sep 30, 2021 - 11:00 AM (IST)

 

गोपेश्वरः कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि सत्ता में आते ही वह गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थाई राजधानी घोषित करेगी। यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्तराखंड कांग्रेस की प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते ही सबसे पहले गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित किया जाएगा।

गरिमा ने कहा कि अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस 70 में से 40 से अधिक सीटें जीतकर राज्य में सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की सत्ता में आते ही कांग्रेस सबसे पहले भाजपा सरकार द्वारा थोपी गई अस्थायी राजधानी के स्थान पर स्थायी राजधानी बनाएगी। गरिमा ने कहा कि गैरसैंण राज्य आंदोनलकारियों की भावना से जुड़ा मुद्दा है और कांग्रेस उनकी भावनाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन्हीं भावनाओं के आधार पर 2012 से गैरसैंण में विधानसभा भवन एवं अन्य अवस्थापना सुविधाओं का विस्तार किया था, जिसे त्रिवेंद्र रावत की भाजपा सरकार ने गीष्मकालीन राजधानी घोषित कर लोगों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की भावना का सम्मान करते हुए कांग्रेस सत्ता में आते ही गैरसैंण को प्रदेश की स्थायी राजधानी घोषित करेगी।

गरिमा ने कहा कि वैसे भी भाजपा ने प्रदेश की जनता को 2-2 राजधानियों के जरिए फिजूलखर्ची को बढ़ावा देकर राज्य के करदाताओं का धन बर्बाद कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कांग्रेस सत्ता में आते ही राज्य कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करेगी तथा चारधाम देवस्थानम अधिनियम को रद्द करेगी।

Content Writer

Nitika