केन्द्र का 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने का लक्ष्य- धन सिंह रावत

punjabkesari.in Tuesday, Oct 01, 2019 - 10:50 AM (IST)

हरिद्वारः उत्तराखंड के सहकारिता प्रोटोकॉल दुग्ध विकास और उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि केन्द्र सरकार ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है।

जानकारी के अनुसार, धन सिंह रावत ने हरिद्वार के विकास भवन रोशनाबाद में किसानों की आय दोगुनी करने के लिए विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार और राज्य का 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य है। उत्तराखंड में पहली बार दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को 1 लाख रुपए बिना ब्याज के दिया जाएगा और 5 लाख रुपए समूह में दिए जाएंगे। इसके तहत किसान कोई भी किसान आधारित कार्य कर सकता है। राज्य में किसानों को डेयरी लगाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

वहीं दुग्ध विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में राज्य सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है कि डेयरी के माध्यम से रोजगार को कैसे बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की समस्या के समाधान के लिए 36 करोड़ रुपए कोऑपरेटिव विभाग और 36 करोड़ रुपए पीएनबी द्वारा दिए जाएंगे, इसके लिए सॉफ्ट लोन भी दिया जाएगा। सम्पूर्ण राज्य को ऑर्गेनिक खेती की ओर ले जाने के लिए योजनाएं विभागों को बताई है।

Nitika