पुष्कर सिंह धामी ने कहा- 2 साल बाद हो रही कांवड़ यात्रा, भक्तों के स्वागत को सरकार तैयार

punjabkesari.in Saturday, Jul 16, 2022 - 04:41 PM (IST)

खटीमा/नैनीतालः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई व राधा स्वामी सत्संग (व्यास) खटीमा में पौधारोपण किया। इस दौरान कहा कि 2 वर्ष बाद हो रही कांवड़ यात्रा व शिव भक्तों के स्वागत के लिए सरकार तैयार है।


इस मौके पर धामी ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति संरक्षण का त्यौहार है और यह हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करता है। हम विगत कई वर्षों से हरेला पर्व को प्रकृति संरक्षण के रूप में मनाते आए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस हरेला पर्व में जन-जन की भागीदारी हो व आने वाली पीढ़ी भी इसमें भागीदार बने। वह इस बात की महत्वता को समझे कि पर्यावरण का हमारे जीवन में क्या महत्व है। उन्होंने कहा कि हमें पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं रहना है बल्कि पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी ध्यान देना होगा ताकि पौधे न सूखे। उन्होंने श्रावण मास की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि 2 वर्ष बाद इस वर्ष कांवड़ यात्रा प्रारंभ हो रही हैं। 

वहीं मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष लगभग 5-6 करोड़ शिवभक्तों की देवभूमि उत्तराखंड में आने की सम्भावना है, जिसके लिए सरकार द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि हम सभी शिवभक्तों का स्वागत करेंगे। राधा स्वामी सत्संग व्यास पहुंचने पर सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और बच्चों का अभिवादन स्वीकार किया।
 

 

Content Writer

Nitika