उक्रांद के पूर्व अध्यक्ष ने कहा- विकास के लिए गैरसैंण को राजधानी बनाना जरुरी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 13, 2017 - 05:59 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के पूर्व अध्यक्ष त्रिवेन्द्र सिंह पवार ने भाजपा पर  निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में दो राजधानियां नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि अगर गैरसैंण का विकास करना है तो उसे राजधानी बनाना पड़ेगा। देहरादून में रहते हुए गैरसैंण का विकास संभव नहीं हो पाएगा। 

त्रिवेन्द्र सिंह पवार ने विधानसभा सत्र को 2 दिन में ही खत्म करने के कारण भी राज्य सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है कि उत्तराखंड क्रांति दल गैरसैंण को राजधानी बनाने के लिए आंदोलन की शुरुआत करेगा। 

उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाने के हक में ना तो कांग्रेस थी और ना ही अब भाजपा इस मुद्दे पर कोई कदम उठा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा एक तरफ गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने का भरोसा दिला रही है वहीं दूसरी तरफ शीतकालीन सत्र का आयोजन गैरसैंण में किया गया।