राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा- उत्तराखंड की महिलाएं आर्थिक क्रांति लाने में सक्षम

punjabkesari.in Sunday, Jun 12, 2022 - 04:51 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने नैनीताल राजभवन परिसर में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में नैनीताल के कोटाबाग, ल्वेशाल, धारी, रामगढ़, फतेहपुर, रानीबाग, मोटाहल्दू आदि स्थानों की महिलाओं ने अपने-अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल हैं। उन्होंने कहा यह भी कहा कि राज्य की महिलाएं आर्थिक क्रांति लाने में सक्षम हैं। रिवर्स पलायन में स्वयं सहायता समूह की मुख्य भूमिका हो सकती है। साथ ही वे महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण हैं।

वहीं राज्यपाल ने महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों जिनमें वुडन कलाकृतियां, ऐपण, हैन्डीक्राफ्ट, एलईडी लाइट्स के अलावा स्थानीय उत्पादों जैसे दालें, मसाले, बेकरी उत्पाद, अचार, जैम आदि की सराहना की। उन्होंने इन उत्पादों में मूल्य संवर्धन के साथ-साथ उत्पादों की पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग पर फोकस करने का सुझाव दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वयं सहायता समूहों को हरसंभव मदद दी जाए। ग्रोथ सेंटरों के माध्यम से उनके उत्पादों का विपणन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वयं सहायता समूह के उत्पादों की ब्रांडिंग के लिए नवीनतम तकनीकी का उपयोग करने के लिए मदद का भरोसा भी दिया।
 

Content Writer

Nitika