निशंक का दावा- शैक्षणिक संस्थानों को नहीं बनने देंगे राजनीति का केन्द्र

punjabkesari.in Monday, Jan 06, 2020 - 01:59 PM (IST)

नैनीतालः केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने रविवार को दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार देश में शैक्षणिक संस्थानों को राजनीति का अड्डा नहीं बनने देगी। इसके साथ ही देश को ज्ञान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के बल पर फिर से विश्व गुरू बनाया जाएगा।

निशंक ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत में यह बातें कही। उन्होंने देश में खराब हो रहे शैक्षणिक माहौल के लिए राजनीतिक दलों को जिम्मेदार बताया और कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को राजनीति का केन्द्र बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां सिर्फ शिक्षा और ज्ञान की बात होनी चाहिए। भारत शिक्षा एवं ज्ञान के बल पर विश्वगुरू रहा है और देश को फिर से शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। डॉ. निशंक यहां नागरिकता संशोधन कानून पर केन्द्र सरकार का पक्ष भी रखा।

वहीं मानव संसाधन विकास मंत्री ने राजनीतिक दलों से भी अनुरोध किया कि देश के विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में राजनीतिक हस्तक्षेप न करें। उन्हें सिर्फ शिक्षा के केन्द्र रहने दें। शिक्षा जीवन का मुख्य आधार है और शिक्षा के बल पर भारत ने पूरे विश्व का प्रतिनिधित्व किया। आज भारत विश्व में अग्रणी देशों की श्रेणी में शुमार है। देश की अवहेलना किए बगैर विश्व स्तर पर कोई सहमति नहीं बन सकती है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि वह इन संस्थानों को राजनीतिक दलों के हाथ की कठपुतली नहीं बनने देंगे। उन्होंने देश के युवाओं का भी आह्वान किया कि शिक्षा एवं ज्ञान और प्रौद्योगिकी के बल पर भारत को विश्व गुरू बनाने में सहयोग करें।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static