नितिन गडकरी ने कहा- साल 2024 तक उत्तराखंड में 2 लाख करोड़ की सड़कों का होगा निर्माण

punjabkesari.in Wednesday, Jan 05, 2022 - 01:38 PM (IST)

 

नैनीतालः केन्द्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वर्ष 2024 तक वह उत्तराखंड में 2 लाख करोड़ की सड़क निर्माण की परियोजनाओं को पूरा कर लेंगे। इसमें टनकपुर से लिपूलेख तक सड़क निर्माण का कार्य भी शामिल है।
PunjabKesari
गडकरी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा क्षेत्र खटीमा में भाजपा की विजय संकल्प रैली के समापन के मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति जॉन केनेडी ने कहा था कि अमेरिका सम्पन्न देश है इसलिए अमेरिका की सड़कें अच्छी नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि अच्छी सड़कों के चलते अमेरिका धनी व सम्पन्न बना है। उन्होंने आगे कहा कि अच्छी सड़कों के निर्माण से उत्तराखंड भी सम्पन्न व समृद्ध राज्य बनेगा और यहां के युवाओं को रोजगार मिल सकेगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जब वह राजमार्ग मंत्री बने थे, तब उन्होंने 2 लाख करोड़ रुपए की लागत से उत्तराखंड की तस्वीर बदलने का लक्ष्य रखा था और वह 2024 तक इस लक्ष्य को हर हाल में पूरा कर लेंगे। उन्होंने कहा कि 2014 से 2021 तक उन्होंने प्रदेश में 2100 किमी राजमार्ग का निर्माण किया है।
PunjabKesari
गडकरी ने कहा कि वर्ष 2022 में वह 128 किमी नये राजमार्ग का निर्माण कर लेंगे। वहीं इसी दौरान वह 1353 किमी की नयी सड़कों के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2025 तक प्रदेश में 2500 किमी. नई सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर 2 लाख करोड़ रुपए के लक्ष्य को हासिल कर लेंगे। गडकरी ने कहा कि केन्द्र सरकार कैलाश मानसरोवर जाने के लिए टनकपुर से लिपूलेख तक 5000 करोड़ की लागत से 366 किमी. सड़क का निर्माण कर रही है जो कि एक साल के अंदर पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि टनकपुर से पिथौरागढ़ तक काम पूरा हो गया है और पिथौरागढ़ के घटियाबगड़ से लिपूलेख तक अगले साल सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अब कैलाश मानसरोवर जाने के लिए चीन, नेपाल व सिक्किम जाने की जरूरत नहीं होगी। श्रद्धालु अब टनकपुर के रास्ते सीधे कैलाश मानसरोवर जा सकेंगे। पिथौरागढ़ से लिपूलेख तक 3100 करोड़ की लागत से 204 किमी सड़क का निर्माण सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से किया जा रहा है।

गडकरी ने आगे कहा कि आने वाले समय में दिल्ली से देहरादून व दिल्ली से हरिद्वार की दूरी मात्र 2 घंटे में पूरी होगी। इसके लिए वह देहरादून से दिल्ली के बीच 1200 करोड़ की लागत से 228 किमी. का नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रहे हैं। आने वाले 2 साल में इसे भी पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब मोदी सरकार में दिल्ली से जयपुर की यात्रा भी 2 घंटे, दिल्ली से अमृतसर 6 घंटे, दिल्ली से श्रीनगर 8 घंटे व दिल्ली से मुम्बई की यात्रा 12 घंटे में पूरी होगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार कुमाऊं व गढ़वाल मंडल के बीच की दूरी भी कम करने की योजना बना रही है। इसके लिए उप्र के अफजलगढ़ से सीधे नजीबाबाद के लिए नए ग्रीनफील्ड बाईपास बनाने की योजना है और 1300 करोड़ की लागत से इसका निर्माण किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इससे कुमाऊं व गढ़वाल मंडल की दूरी डेढ़ घंटा कम हो जाएगी।
PunjabKesari
गडकरी ने इस मौके पर चारधाम परियाजना का भी जिक्र किया और कहा कि 12000 करोड़ की लागत से 825 किमी. की ऑलवेदर रोड का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 563 किमी. का कार्य पूरा कर लिया गया है। 176 किमी पर सड़क, पुल व टनल निर्माण का कार्य किया जा रहा है। शेष में भी जल्द काम शुरू हो जाएगा। गडकरी ने कहा कि इससे पहले उन्हें गंगा को स्वच्छ व अविरल बनाने का भी सौभाग्य मिला था और उन्होंने 25000 करोड़ की लागत से इस काम को किया था। आज इस परियोजना पर भी 80 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा गडकरी ने राज्य को कई अन्य सौगात भी दी हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static