उदारता, भाईचारा और सर्वधर्म समभाव भारत की पहचान: राजनाथ सिंह

punjabkesari.in Sunday, Nov 10, 2019 - 03:14 PM (IST)

देहरादूनः रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि उदारता, सार्वभौमिक भाईचारा, सहिष्णुता और सर्वधर्म समभाव के प्राचीन भारतीय मूल्य इसकी पहचान का केंद्रीय तत्व हैं और इसे बाकी विश्व से अलग बनाते हैं।
PunjabKesari
राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड के 20वें राज्य स्थापना दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए युवाओं को देश में सकारात्मक बदलाव का सबसे प्रभावी एजेंट बताया जो इन प्राचीन भारतीय मूल्यों और इसके शानदार अतीत को पुनर्जीवित करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक विविधता वाला देश है लेकिन उदारता, सहिष्णुता, समरसता, वीरता, सामर्थ्य, सर्वधर्म समभाव जैसे मूल्यों में विश्वास से बनी साझा संस्कृति देश के अलग-अलग हिस्सों को एक-दूसरे से जोड़ती है।
PunjabKesari
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया को वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश देने वाला एकमात्र राष्ट्र भारत ही है। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में भारत के सिवा और कोई दूसरा देश ऐसा नहीं है जो पूरी दुनिया को अपना परिवार मानता हो। उन्होंने भारत को सभी धर्मों को बराबरी का स्थान देने वाला देश बताते हुए कहा कि सभी धर्मों को समान सम्मान देने का इसका इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि हजारों सालों तक सब जगह जुल्म और कष्ट झेलने वाले यहूदियों को आखिरकार भारत में ही स्वीकार्यता मिली। यहां तक कि इस्लामिक देशों में भी मुसलमानों के इतने फिरके नहीं होंगे जितने भारत में हैं। भारत में मुसलमानों के सभी 72 फिरके रहते हैं।
PunjabKesari
देहरादून की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में पढ़ रहे छात्रों के अच्छी संख्या वाले श्रोताओं को सिंह ने विज्ञान और खोजों के क्षेत्र में प्राचीन भारत की उपलब्धियां याद दिलाते हुए कहा कि पृथ्वी के गोल होने और उसके अपनी धुरी पर घूमने के बारे में आर्यभट्ट ने कोपरनिकस से काफी पहले ही खोज कर ली थी। उन्होंने कहा कि 2025 तक भारत दुनिया की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा और इसकी जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी।
PunjabKesari
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आज 19 साल का हो गया है और यह ऐसी अवस्था होती है जब सब कुछ कर गुजरने की ललक होती है। राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड से उनका हमेशा भावनात्मक लगाव रहा है और जब उत्तराखंड का निर्माण हुआ था तब वह ही संयुक्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने कहा कि बड़ी खुशी की बात है कि आज उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static