सीएम त्रिवेंद्र का दावा- उत्तराखंड में पांचों सीटों पर जीतेगी BJP

punjabkesari.in Saturday, Apr 20, 2019 - 03:07 PM (IST)

देहरादून/जयपुरः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य में पिछली बार की अपेक्षा अधिक मत मिलने का दावा करते हुए कहा कि बीजेपी पांचों सीटें जीतेगी। इस बार लोकसभा चुनाव में पिछली बार से अधिक मत हासिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार लोकसभा चुनाव में बीजेपी को उत्तराखंड में 55 प्रतिशत मत मिले थे। विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने 70 में से 57 सीटें जीतीं थीं। देश का युवा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चाहता है। वह युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं के प्रतीक बन गए हैं। नई पीढ़ी देख रही है कि कांग्रेस 55 साल में जो नहीं कर पाई उसे मोदी ने 55 महीनों में कर दिखाया है। देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, जो अब छठे स्थान पर आ गई है। 5 वर्षों में दुनिया में भारत की पहचान बनी है।

रावत ने कहा कि 10 वर्ष यूपीए सरकार थी। उस समय भी गरीबी हटाने का नारा दिया गया। इससे पहले राजीव गांधी ने यह नारा दिया और उससे भी पहले दिवंगत श्रीमती इंदिरा गांधी ने यह नारा दिया था, लेकिन गरीबी कितनी हटी यह सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों के लिए 25 लाख घर बनाए गए थे, इसकी तुलना में पिछले 55 महीने में एक करोड़ 30 लाख मकान बनाए गए हैं। 5 वर्षों में जरूरी चीजों के दाम गिरे हैं। गांव-गांव में बिजली पहुंचाइ गई है।

उन्होंने कहा कि उड़ी और पुलवामा की घटनाओं के बाद चीन और पाकिस्तान अलग थलग पड़ गए हैं। अंतरिक्ष में सेटेलाइट को मार गिराने का परीक्षण किया गया। हमारे जांबाज सैनिकों में साहस पहले भी था, लेकिन राजनीतिक इच्छाशक्ति का नितांत अभाव था। राजनीतिक इच्छाशक्ति मोदी में है। वह हमारी आकांक्षाओं का भारत का निर्माण करने का प्रयास कर रहे हैं।
 

Deepika Rajput