पदोन्नति में आरक्षण खत्म करने के लिए हड़ताली कर्मचारियों ने की BJP अध्यक्ष से मुलाकात

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2020 - 10:30 AM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड में पदोन्नति में आरक्षण के विरोध को लेकर जारी सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल के बीच गुरुवार को तब नया मोड़ आया जब हड़ताली कर्मचारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत से मिले।

11वें दिन भी जारी रही कर्मचारियों की हड़ताल
भगत ने भी कर्मचारियों को निराश नहीं किया और मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत से कोई समाधान निकालने के बात की। मुख्यमंत्री की ओर से हालांकि हड़ताली कर्मचारियों को कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। दूसरी ओर जनरल-ओबीसी इम्पलाइज एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारियों की हड़ताल आज 11वें दिन भी जारी रही।

आंदोलन को स्वास्थ्य विभाग का मिला समर्थन
हड़ताली कर्मचारियों ने दोहराया कि जब तक सरकार कर्मचारियों की मांगों को नहीं मान लेती तब तक कर्मचारी काम पर वापस नहीं लौटेंगे। सरकारी कर्मचारियों के इस आंदोलन को अब स्वास्थ्य विभाग का भी समर्थन मिलने लगा है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की ओर से शुक्रवार को फिलहाल 2 घंटे का कार्य बहिष्कार आंदोलन की घोषणा की गई है।

2 मार्च से हड़ताल पर हैं कर्मचारी
वहीं हड़ताली कर्मचारियों का एक शिष्टमंडल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत से हल्द्वानी स्थित उनके आवास पर मिला। शिष्टमंडल के नेताओं ने कहा कि कर्मचारी पिछले 2 मार्च से पदोन्नति में आरक्षण को खत्म करने को लेकर हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनरल-ओबीसी समाज की उपेक्षा कर रही है और उनकी कोई सुध नहीं ले रही है। इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने हड़ताली कर्मचारियों की मांगों के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री से मोबाइल पर बात की।

कर्मचारी आर-पार की लड़ाई लड़ने कौ तैयार 
मुख्य संयोजक बहादुर सिंह बिष्ट की ओर से कहा गया कि जब तक सरकार पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था को खत्म करने का निर्णय नहीं लेती है तब तक कर्मचारी काम पर वापस नहीं आएंगे और हड़ताल जारी रहेगी। इस बार कर्मचारी पूरी तरह से आर पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। हल्द्वानी एवं नैनीताल में भारी संख्या में हड़ताली कर्मचारी प्रदर्शन स्थल पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static