रुद्रपुर में मां-बेटे की संदिग्ध मौत, फंदे पर झूलता मिला मां का शव

punjabkesari.in Friday, Sep 24, 2021 - 01:19 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के रुद्रपुर में मां और बेटे की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मां का शव एक कमरे में खिड़की के फंदे पर झूलता हुआ मिला जबकि बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, रूद्रपुर के शिवनगर निवासी मेवाराम उर्फ कमलजीत की पत्नी काजल अपने 6 साल के बेटे के साथ खेड़ा कालोनी में अपने परिजनों के घर आई थी। लोगों ने गुरुवार सुबह काजल का शव खिड़की के लटकता देखा जबकि उसके बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा बंद था। माना जा रहा है कि मृतका ने पहले अपने बच्चे की हत्या की और उसके बाद फंदे से झूल गई।

वहीं पुलिस भी इस प्रकरण को हत्या के बाद आत्महत्या करार दे रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। यह भी बताया जा रहा है कि मृतका अपने पति से विवाद के चलते 2 दिन पहले परिजनों के घर आई थी।
 

Content Writer

Nitika