1 महीने बाद समर्थक कर सकेंगे स्वामी सानंद के अंतिम दर्शन, AIIMS प्रशासन ने टेके घुटने

punjabkesari.in Sunday, Nov 11, 2018 - 11:56 AM (IST)

ऋषिकेशः स्वामी सानंद के अनुयायियों को लगभग 1 महीने के बाद उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने का अवसर मिल सकेगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब एम्स प्रशासन स्वामी सानंद के अंतिम दर्शनों की व्यवस्था एम्स परिसर में कर रहा है। इसी के चलते अब लगभग 1 घंटा निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रत्येक रविवार 50 लोग स्वामी सानंद के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

वहीं स्वामी सानंद के निधन के बाद मातृ सदन और उनके अनुयायी अंतिम दर्शन के लिए  जब एम्स पहुंचे तो एम्स प्रशासन ने उन्हें अंतिम दर्शन से रोक दिया।  इसके बाद से ही स्वामी सानंद के अनुयायी  कानून का सहारा ले रहे थे और लगभग 1 महीने बाद उन्हें कामयाबी मिल पाई है। इसके साथ ही एम्स के मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. विजेंद्र ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा। 

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि अगले 10 हफ्तों तक रविवार को 50-50 लोगों को स्वामी सानंद के दर्शन करवाए जाएं। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने रविवार का दिन इसलिए भी चुना ताकि एम्स में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्र -छात्राओं के साथ-साथ यहां इलाज करवाने के लिए आ रहे लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। 

बता दें कि गंगा की रक्षा के लिए अनशन कर रहे स्वामी सानंद का 11 अक्टूबर को एम्स अस्पताल में निधन हो गया था। इससे पहले उन्होंने लिखित रूप में एम्स प्रशासन को अपना शरीर देने की सहमति दे रखी थी। 

Nitika