उत्तराखंड पहुंचा स्वीडन का शाही दंपति, धन सिंह रावत सहित कई अधिकारियों ने किया स्वागत

punjabkesari.in Thursday, Dec 05, 2019 - 03:39 PM (IST)

देहरादूनः स्वीडन के राजा कार्ल गुस्ताफ और रानी सिल्विया गुरुवार को उत्तराखंड पहुंचे। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने जौलीग्रांट हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया।

जानकारी के अनुसार, जौलीग्रांट हवाईअड्डे से वह सीधे ऋषिकेश चले गए, जहां उन्होंने गंगा तट और राम झूला की यात्रा की। शाही दंपति ने लगभग एक घंटा ऋषिकेश में बिताया। इसके बाद वह हरिद्वार रवाना हो गए। वहीं उन्होंने ऋषिकेश में नन्ही पर्यावरण कार्यकर्ता रिद्धिमा पांडे से भी बातचीत की।

11 साल की रिद्धिमा, पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग सहित उन 16 बच्चों में शामिल थीं, जिन्होंने सितंबर में संयुक्त राष्ट्र जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन में जलवायु संकट के मुद्दे को लेकर सरकार की ओर से कार्रवाई की कमी पर विरोध जताते हुए शिकायत दर्ज करवाई थी। बता दें कि शाही दंपति रात में कार्बेट बाघ अभयारण्य में रुकेंगे।

Nitika