उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी भूषण के आवास पर हुआ "तीज मिलन समारोह"

punjabkesari.in Monday, Jul 25, 2022 - 12:06 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष की ऋतु खण्डूरी भूषण ने अपने सरकारी आवास पर विवाहित महिलाओं के परंपरागत त्योहार तीज का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। भूषण ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान महिला मंत्री, विधायक, आईएएस-आईपीएस अधिकारी अथवा उनकी पत्नियों ने जमकर धूम मचाई।

समारोह में कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम गढ़ वन्दना के साथ प्रस्तुत किए गए। साथ ही थडिया, चौपाल, झुमेलो, छपेली की प्रस्तुति दी गई। समारोह में उपस्थित महिलाओं ने सावन के झूले का आनंद लिया। इस दौरान, महिलाओं नें रंग-बिरंगे परिधानों में सज धजकर कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सभी ने हाथों में मेहंदी लगवाई और सावन के मनभावन गीतों पर झूमकर हरियाली तीज का स्वागत किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने गढ़वाली गीत की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम के दौरान कई प्रकार की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई, जिसमें जीतने वाली महिलाओं को उपहार भी भेंट किए गए। सभी महिलाओं ने महिला स्पीकर की इस पहल का स्वागत किया।

इस अवसर पर भूषण ने कहा कि हरियाली तीज भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना का पर्व है। हमारे सभी पर्व और त्योहार प्रकृति से मानव के गहरे जुड़ाव का प्रतीक हैं। उत्तराखंड में संस्कृति में तीज-त्यौहारों का विशेष महत्व रहा है। यहां के जन-जीवन और परम्पराओं में तीज-त्यौहार रचे बसे हैं। उन्होंने कहा की सभी को मिलकर मूल संस्कृति से जुड़े त्यौहारों और परम्पराओं को सहेजने का हर संभव प्रयास करना चाहिए। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार हमारे जीवन में उत्साह एवं ताजगी लाते हैं। मिलजुल कर मनाने से खुशियां कई गुना बढ़ती हैं। पूरे समाज का वातावरण भी सुखद और सौहार्दपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि देश, राज्य और समाज की तरक्की के लिए हमें तीज-त्योहारों को मिलजुल कर मनाते हुए उनमें निहित भावना को पोषित करते रहना होगा।

मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी ने कहा कि हमारे सभी त्योहारों से समाज को सीख मिलती है, अपनी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इस प्रकार के आयोजनों का होना आवश्यक है, जिससे आने वाली पीढ़ी संस्कृति एवं संस्कारों की जानकारी मिल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static