फिर विवादों में घिरा नारी निकेतन, नाबालिग किशोरी ने संदेहास्पद परिस्थितियों में की आत्महत्या

punjabkesari.in Friday, May 17, 2019 - 11:56 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड का नारी निकेतन एक बार फिर विवादों में घिर गया है। नारी निकेतन में एक नाबालिग किशोरी ने संदेहास्पद परिस्थितियों में आत्महत्या की। इस घटना के बाद से नारी निकेतन में हड़कंप मच गया है। 

मामले की जांच में जुटी पुलिस 
जानकारी के अनुसार, मामला राजधानी देहरादून का है, जहां पर केदारपुरम स्थित बालिका निकेतन में एक नाबालिग किशोरी की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी को 12 दिन पहले ही यहां शिफ्ट किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के द्वारा प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या बताया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में पुलिस ने चीफ प्रोबेशन और जिला प्रोबेशन अधिकारी को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। 

बाल विकास मंत्री ने घटना पर जताया दुख 
वहीं बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष उषा नेगी ने देर रात बालिका निकेतन पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही नाबालिग युवती की आत्महत्या पर बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने गहरा दुख जताया और नारी निकेतन का निरीक्षण किया। रेखा आर्य ने कहा कि नारी निकेतन, बाल निकेतन और शिशु निकेतन में व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है।

Nitika