हल्द्वानी में राष्ट्रीय सरस मेले की हुई शुरुआत, कई राज्यों की और से किया जा रहा प्रतिनिधित्व

punjabkesari.in Friday, Jan 18, 2019 - 11:07 AM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड में कुमाऊं की आर्थिक मंडी हल्द्वानी में गुरुवार को राष्ट्रीय सरस मेला शुरू हो गया। मेला 26 जनवरी तक चलेगा। मेले में कई राज्यों की ओर से प्रतिनिधित्व किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, केन्द्र सरकार और ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित इस मेले का उद्घाटन भाजपा विधायक बंशीधर भगत ने किया। उन्होंने कहा कि इस मेले से जहां राज्य के स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं सशक्त होंगी, वहीं दूसरी ओर पर्यटन कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र के सहयोग से लगने वाला यह दूसरा राष्ट्रीय मेला है और इससे विभिन्न राज्यों की हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलेगा। इस मेले में 11 राज्यों का प्रतिनिधित्व है, जिनमें बिहार, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, केरल, कर्नाटक और हरियाणा शामिल हैं। इन राज्यों के 32 स्वयं सहायता समूह मेला में भाग ले रहे हैं।

बता दें कि उत्तराखंड के 90 स्वयं सहायता समूहों द्वारा अपने हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जा रहा है। मेले में उत्तराखंड संस्कृति की धूम है। विभिन्न कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। मेला सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक जनता के लिए खुला रहेगा।

Nitika