केंद्रीय मंत्री की अस्थियां गंगा में की गई प्रवाहित, सीएम रावत सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Wednesday, Nov 21, 2018 - 01:40 PM (IST)

हरिद्वारः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत हरिद्वार में स्व. केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार जी की अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। 

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव भूपेश जोशी मंगलवार को दिल्ली से उनकी अस्थि कलश लेकर हरिद्वार पहुंचे। इसके बाद अनंत कुमार जी की अस्थियां हरकी पौड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जित की गई। इस कार्यक्रम में सीएम रावत और शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक सहित कई लोगों ने दिवंगत आत्माको श्रद्धासुमन अर्पित किए। 

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को याद करते हुए कहा कि अनंत जी उत्तराखंड के सच्चे हितैषी थे। वह राज्य के लिए काफी कुछ करना चाहते थे। इसके साथ ही सीएम ने कहा कि देहरादून में सीपेट की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री का सराहनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि अनंत कुमार सकारात्मक सोच वाले राजनेता और कुशल प्रशासक थे।

वहीं शहरी विकास मंत्री ने कहा कि अनंत कुमार का देहावसान से देश के लिए अपूरणीय क्षति हुई है। बता दें कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का 12 नवंबर को बीमारी के चलते निधन हो गया था। 
 

Nitika